मऊ। दोहरीघाट ब्लाक क्षेत्र अंतर्गत कस्बा सहित ग्रामीण अंचलों में शुक्रवार को प्रबोधिनी एकादशी का त्यौहार धूमधाम से मनाया गया। घर से लेकर मंदिरों तक तुलसी विवाह का आयोजन हुआ। शालिग्राम भगवान संग तुलसी बंधन में बंधी। शाम को तुलसी विवाह के गीत गूंजते रहे। क्षेत्र के गोठा, दोहरीघाट, फरसरा खुर्द, कोरौली, नईबाजार, कुसुम्हा, बेलौली, हरिपरा सहित आदि स्थानों पर प्रबोधिनी एकादशी की तैयारी में सुबह से ही महिलायें जुट गईं। घर की साफ-सफाई किया गया। स्नान ध्यान कर व्रत शुरू किया। चावल का पेस्ट बनाकर घर के आंगन में चौक पूरा गया। इसके बीच में विष्णु भगवान का पैर बनाया गया। घर के प्रत्येक कमरे तक भगवान को जाने के लिए सीढ़ी बनाई गई। इसके बाद भगवान को गंजी, सिंघाड़ा, नया गुड़, गन्ना चढ़ाया गया। विष्णु भगवान को सिंदूर चढ़ाकर दीप, धूप, अगरबत्ती से पूजा की गई। शाम को तुलसी के पौधे के सम्मुख दीप जलाया गया। तुलसी जी को नई साड़ी, चूड़ी, बिंदी, सिंदूर समेत शृंगार का पूरा सामान अर्पित किया गया। साथ ही फल, मूल, मिठाई चढ़ाई गई। इसके बाद तुलसी माता का शालिग्राम से विवाह कराया गया। महिलाओं ने तुलसी जी के विवाह के गीत गाए। तुलसी जी की कथा सुनीं।





