- श्रीकृष्ण जन्मभूमि और निर्मल यमुना के लिये कार्य करे सरकार
मदन सारस्वत।
मथुरा। उत्तर प्रदेश में बहुमत की भाजपा सरकार बनने पर मथुरा कें संत-कथाकारों में हर्ष है। छटीकरा मार्ग स्थित ठा. श्री प्रियाकान्तजू मंदिर पर भागवत प्रवक्ता देवकीनंदन ठाकुरजी महाराज ने योगी आदित्यनाथ को पुनः मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। बहुमत को हिंदुत्व की जीत बताते हुये उन्होने मथुरा में अयोध्या की तर्ज पर श्रीकृष्णजन्मभूमि निर्माण एवं यमुना प्रदुषण मुक्त किये जाने की अपेक्षा व्यक्त की। शुक्रवार को श्रीप्रियाकान्तजू मंदिर पर आयोजित होली महोत्सव के बीच देवकीनंदन महाराज ने कहा कि मतदाताओं ने जातिगत वोटबैंक से ऊपर उठकर हिंदुत्व के साथ विकास को बढ़ावा देने वाली धर्मनिष्ठ सरकार चुनी है। उन्होनें मोदी योगी सरकार को बधाई देते हुये कहा कि जिस प्रकार पिछले पाँच सालों में अयोध्या का मुद्दा हल किया है उसी प्रकार मथुरा में भी श्रीकृष्ण जन्मस्थान को मुक्त कराने का कार्य करें।
देवकीनंदन महाराज ने कहा कि ब्रज में यमुना की दयनीय स्थिति देखकर हम सबकी आस्था को ठेस पहुँचती है। यमुना भक्तों ने कई सालों से निर्मल यमुना जी के दर्शन की आस लगा रखी है । मोदी-योगी सरकार से अपेक्षा है कि आगामी पाँच साल पूर्ण होने से पहले यमुना को प्रदुषण मुक्त किया जाये । जिससे श्रद्धालु भक्त प्रसन्नता के साथ यमुना किनारे बैठकर भजन कर सकें, शुद्ध यमुना जल का आचमन कर सकें। उन्होंने मथुरा की पांचों सीटों पर जीते भाजपा विधायकों को शुभकामनाएं देते हुये कहा कि भगवान की नगरी में उनके भक्तों की सेवा का अवसर भाग्य से मिलता है। जनता के बीच रहकर जनसेवा कर रामराज्य का संदेश प्रबल करें। इससे पूर्व श्रीमद्भागवत कथा की शुरुआत भागवत आरती और विश्व शांति के लिए प्रार्थना के साथ की गई। देवकीनंदन महाराज ने श्रद्धालुओं को भागवत महात्म, कपिल देवहूती संवाद, सती चरित्र, एवं ध्रुव चरित्र का वर्णन किया। विश्व शांति सेवा चैरीटेबल ट्रस्ट सचिव विजय शर्मा, संतोष महाराज, सतीश गर्ग, विशन ममता गुप्ता, भावना, सुरेश सोनी, सावित्री देवी, विश्वनाथ केडि़या, मीरा द्विवेदी, अनिल कुमार त्यागी आदि उपस्थित थे ।





