मुख्यमंत्री से अप्रोच करो, आगरा में खुल जायेगा बोर्ड का क्षेत्रीय कार्यालय-मण्डलायुक्त आगरा
।
आगरा में माध्यमिक शिक्षा परिषद् के क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना की माँग को लेकर यू0पी0 बोर्ड क्षेत्रीय कार्यालय स्थापना संघर्ष समिति के अध्यक्ष एवं संयोजक डॉ0 देवी सिंह नरवार ने मण्डलायुक्त आगरा श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह से भेंटकर उ0प्र0 के मुख्यमंत्री को सम्बोधित ज्ञापन सौंपा और बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना के बारे में विस्तार से चर्चा की।
वार्ता के दौरान संघर्ष समिति के अध्यक्ष एवं संयोजक डॉ0 देवी सिंह नरवार ने मण्डलायुक्त आगरा श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह को बताया कि आगरा में यू0पी0 बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना हेतु पिछले 26 वर्षो से संघर्ष किया जा रहा है। उ0प्र0 शासन द्वारा माँगे जाने पर जे0डी0 आगरा द्वारा तीन बार प्रस्ताव भेजा जा चुका है। आगरा के प्रस्तावित क्षेत्रीय कार्यालय में आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज, इटावा, फर्रूखाबाद, औरेया, कन्नौज, झाँसी, ललितपुर, जालौन (उरई) आदि 15 जनपदों को सम्मिलित किये जाने की माँग रखी गयी है। इन 15 जनपदों मंे करीब 8 हजार माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं, जिनमें कथा-10 तथा कक्षा-12 के लगभग 11 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। क्षेत्रीय कार्यालय डायट परिसर आगरा के खाली पड़े पुराने बी0टी0सी0 छात्रावास के भवन के तीस कमरों को उपयोग में लाया जाना प्रस्तावित है।
मण्डलायुक्त आगरा श्री शैलेन्द्र कुमार सिंह ने माँग को पूर्णतया न्यायोचित मानते हुए कहा कि आगरा में बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय खुल जाने से क्षेत्रीय जनता को बड़ा लाभ मिलेगा। इसके लिए मुख्यमंत्री से सीधे एप्रोच करो। इसके लिये क्षेत्रीय विधायकों एवं सांसदों तथा मंत्रियों का सहयोग लीजिये। मण्डलायुक्त ने ज्ञापन को मुख्यमंत्री को भेजने का आश्वासन दिया। ज्ञापन के दौरान महासंघ के जिलाध्यक्ष डॉ0 योगेन्द्र सिंह तथा डॉ0 के0पी0 सिंह उपस्थित रहे।
रिपोर्टर -गोविन्द शर्मा
आगरा





