बहादुरगंज, गाजीपुर। नगर सहित ग्रामीण अंचलों में सूर्य के उपासना का पर्व डाला छठ के दौरान आस्था एवं श्रद्धा के साथ तीसरे दिन बुधवार की शाम को व्रती महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से हाथ में सूप, फल आदि पूजन सामग्री लेकर तमस तट पर पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। गुरुवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही छठ पूजा का समापन हो जाएगा। इस मौके पर तमसा नदी के तट पर हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।नगर के महावीर घाट,शिवाला घाट, विजय राघव संगत कुटी घाट, सती घाट,पर विधि विधान द्वारा बेदी का पूजन अर्चन कर व्रती महिलाओं ने अस्तगामी सूर्य को अर्घ के देकर पुत्र के दीर्घायु व् परिवार के मंगल की कामना की। सोमवार को छठ पूजा नहाय-खाय के साथ शुरू हुई। मंगलवार को खरना और आज तीसरे दिन शाम के समय डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया गया। गुरुवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। बुधवार को दोपहर बाद से ही हज़ारो की संख्या में महिलाओं ने अपने-अपने घरों से निकलकर नगर के विभिन्न घाटों का रुख किया। महिलाओं के साथ बड़ी संख्या में बच्चे भी छठ पर्व का आनंद लेने के लिए विभिन्न घाटों पर पहुंचे। और जमकर आतिशबाजी की व पटाखे जलाये। ‘कांचही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए’ सरीखे गीतों को गाते हुए महिलाएं ढोल, तासे नगाड़ों, बाजों के साथ बड़ी संख्या में घाटों पर पहुंची थी। स्थानीय तमसा तट पर पूरा माहौल भक्तिमय हो गया था। नगर पंचायत प्रशासन के साथ साथ विभिन्न कमेटियों ने घाटों को पर्याप्त रोशनी से सजाया था और साफ सफाई की उत्तम व्यवस्था की थी। इस दौरान नदी के घाट पर पुलिस चौकी प्रभारी सुनील कुमार दुबे हमराहियों संग मुस्तैद रहे एवं उपजिलाधिकारी कासिमाबाद एव क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद विजय आनंद शाही प्रत्येक घाटो का निरीक्षण किया।





