नई दिल्ली, एपीआई। देश के कई इलाकों में जमकर बारिश हो रही है। महाराष्ट्र में लगातार हो रही बारिश ने सूबे में तबाही मचा दिया है। वहीं दिल्ली समेत देश के उत्तरी इलाकों में मौसम उमस भरा रहा, गर्मी से लोग बेहाल हैं लेकिन अब उत्तरी राज्यों को जल्द ही गर्मी से निजात मिलेगी। मौसम विभाग का के मुताबिक “अगले सप्ताह में उत्तरी पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव के क्षेत्र की वजह से पूर्वी और उत्तरी भारत में अगले दो दिनों तक अच्छी बारिश हो सकती है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिनों में बहुत ज्यादा बारिश देखने को मिलेगी। तेलंगाना और महाराष्ट्र में भारी बारिश ने तबाही मचा रखी है।“
स्काईमेट वेदर के अनुसार एक कम दबाव का क्षेत्र पहले ही बन चुका है और सिस्टम के मध्य हिस्से में पश्चिम उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की उम्मीद है और यह पूर्वी राजस्थान तक आ सकता है। जबकि मौसमी सिस्टम कमजोर होंगे हालांकि पाकिस्तान पर बनने वाले चक्रवती हवाओं के क्षेत्र में बढ़ने की उम्मीद है जो इस सिस्टम की सहायता करेगा और इसके कारण क्षेत्र में अच्छी बारिश होगी।
वहीं उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में 25 जुलाई के आसपास बारिश होने के आसार है। एक अन्य सिस्टम भी इस महीने के अंत तक इस क्षेत्र में बारिश जारी रखने में मदद कर सकता है। बारिश पूरे क्षेत्र में एक न होकर बारी-बारी से होगी। गर्मी में कमी के मामले में मौसम में पहले ही सुधार हो चुका है और इस आने वाले समय में मौसम खुशनुमा हो सकता है।





