लखनऊ/ बुशरा असलम। वृंदावन योजना में डिफेंस एक्सपो कार्यक्रम स्थल पर विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में श्रम विभाग पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की 3500 बेटियों का सामूहिक विवाह कराया गया। इस भव्य विवाह कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि श्रमिक देश का आधार है। उनके बिना निर्माण की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। यह हमारे लिए खुशी की बात है कि प्रदेश सरकार ने अब तक दो लाख कन्याओं का सामूहिक विवाह के तहत करवाया है। इस मौके पर जोड़ों को 75 हजार रुपये की सहायता भी दी जाती है।
प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने बताया कि मंडल स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम में पंजीकृत श्रमिकों की बेटियों का उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड से संचालित कन्या विवाह सहायता योजना के तहत चयन किया गया है। इस योजना में पंजीकृत निर्माण श्रमिक की बेटी की शादी के लिए 55 हजार की आर्थिक सहायता दी जाती है।
अंतरजातीय विवाह करने पर 65 हजार की आर्थिक सहायता, सामूहिक विवाह कार्यक्रम स्थल पर शादी करने पर 75 हजार की आर्थिक सहायता दी जाती है। इस योजना से निर्माण श्रमिक की दो पुत्रियों तक को लाभान्वित किया जाता है। इसमें पुत्री की आयु 18 वर्ष एवं वर की आयु 21 वर्ष से अधिक होना जरूरी है।