लखनऊ/ बुशरा असलम। राम मंदिर निर्माण के लिए अब जल्द ही भारत की तर्ज पर पर विश्व के कई देशों में निधि समर्पण अभियान शुरू किया जा सकता है। इसको लेकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पदाधिकारी इस पर विमर्श शुरू कर चुके हैं। योजना आगे बढ़ी तो विहिप की अगुवाई में ही विश्व के अलग-अलग देशों में निवास कर रहे रामभक्तों तक रसीद व कूपन पहुंचाया जाएगा। हालांकि, यह अभियान तभी शुरू होगा जब विदेश से धन लेने की अनुमति ट्रस्ट को मिल जाएगी। इसके लिए पहले ट्रस्ट को फॉरेन कंट्रीब्यूशन रेगुलेशन एक्ट का प्रमाणपत्र हासिल करना होगा। ट्रस्ट इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर चुका है। देश में मकर संक्रांति से राममंदिर के लिए निधि समर्पण अभियान चला, जो पूरा हो गया। इसमें अब तक तकरीबन 24 सौ करोड़ प्राप्त हो चुके हैं। यहां चले निधि समर्पण अभियान के दौरान बार-बार विदेशी रामभक्त सहयोग देने का आग्रह कर रहे थे। समझा जाता है कि इसी वजह से ट्रस्ट ने इस दिशा में कार्य शुरू किया है।