चंदौली। जनपद मुख्यालय को जोड़ने वाली मुख्य सड़कों की हालत इन दिनों इस कदर खराब हो गयी है कि लोगों को आने जाने में काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। कहने को तो इस जनपद के कई बड़े नेता राष्ट्रीय फलक अपनी पहचान बना रहें हैं। लेकिन इनको इन सड़कों की खस्ताहालत से कुछ नहीं लेना देना है। अब जबकि बरसात शुरू हो गयी है गढ्ढे पड़े इन सड़कों पर गड्ढों में पानी भर गया है। जिसके चलते आये दिन सड़क पर पानी भरे गड्ढों वाहन गिर रहे हैं। सबसे रोचक तथ्य यह है यहां जिस सड़क की चर्चा सबसे ज्यादा है वह है मुख्यालय को जोड़ने वाली वाराणसी, पड़ाव होते हुए मुगलसराय से चंदौली सैयदराजा जाने वाले जीटी रोड की है। पड़ाव व अलीनगर के पास यह सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है। सड़क पर बड़े-बड़े गढ्ढे बन गये है। जिनमें पानी भरा हुआ है।जिसके चलते आये दिन की चार पहिया व दो पहिया वाहन इन गड्ढों में गिर कर फंस जा रहे हैं। वहीं पैदल चलने वाले लोगों को भी इन गड्ढों में से होकर गुजरना पड़ता है। इस सड़क के पुनर्निर्माण के लिए नागरिकों ने कई बार अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया लेकिन अब तक किसी ने भी तालाब बन चुकी इस सड़क का पुरसाहाल जानने का प्रयास नहीं किया। गौरतलब है कि देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का पैतृक निवास चंदौली में है। यहां के सांसद डॉ महेंद्र नाथ पांडेय भी केंद्र में भारी उद्योग मंत्री भी हैं। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर का आवास भी सकलडीहा में है। इतने राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर के जनप्रतिनिधियों के होने के वावजूद इन सड़कों की हालत किस कदर बदहाल है।इसको इन तस्वीरों में साफ-साफ देखा जा सकता है।





