जम्मू/ वैभव। बाबा अमरनाथ की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है। अमरनाथ यात्रा के पंजीकरण के लिए प्रशासन और श्री अमरनाथ जी श्राईन बोर्ड ने तैयारी कर ली है।
एक अप्रैल से एडवांस पंजीकरण शुरू हो जाएगा। पंजीकरण तीन बैंकों की कुल 446 शाखाओं से होगा जिसमें पंजाब नेशनल बैंक की 316, जम्मू कश्मीर बैंक की 90 और यस बैंक की 40 शाखाओं से पंजीकरण होगा। यात्रा 28 जून से शुरू होगी और 56 दिन की यात्रा 22 अगस्त को संपन्न होगी।
श्राईन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नीतिश्वर कुमार ने बताया कि श्राईन बोर्ड की वेबसाइट पर पंजीकरण वाले बैंकों का पूरा ब्योरा मौजूद है। राज्य सरकारों या केंद्र शासित प्रदेश की सरकारों की तरफ से अधिकृत डॉक्टर्स व मेडिकल संस्थानों से ही बनाए जाने वाले स्वास्थ्य प्रमाणपत्र वैध होंगे। स्वास्थ्य प्रमाणपत्र 15 मार्च 2021 के बाद से जारी किए गए ही मान्य होंगे।
उन्होंने कहा कि बाबा अमरनाथ यात्रा पर 13 साल से कम और 75 साल से अधिक की आयु के श्रद्धालु नहीं जा सकते हैं। यात्रा के हर दिन और रूट का यात्रा परमिट अलग रंग का होगा ताकि बालटाल और चंदनवाड़ी में गेटों पर किसी किस्म की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने यात्रियों से अपील किया कि वे पंजीकरण करवाने के बाद निर्धारित तिथि पर ही यात्रा करें। दोनों यात्रा मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध करवाने पर जोर देते हुए नीतिश्वर कुमार ने कहा कि जिनके पास निर्धारित तिथि का यात्रा परमिट होगा, उन श्रद्धालुओं को ही यात्रा पर जाने की अनुमति दी जाएगी। इसलिए सभी यात्रियों से अपील किया जाता है कि वे एडवांस पंजीकरण करवाएं ताकि बाद में किसी किस्म की परेशानी न आए। उन्होंने कहा कि जो यात्री हैलीकाप्टर से यात्रा करने के इच्छ़क होंगे उनको पंजीकरण की जरूरत नहीं होगी लेकिन स्वास्थ्य प्रमाणपत्र जरूरी होगा।





