मथुरा/ मदन सारस्वत। पंचायत चुनाव में वोटरों को लुभाने के लिए प्रत्याशी चुनावी भोज का आयोजन कर रहे हैं। इस आयोजन में पूड़ी, सब्जी, रसगुल्ले, रायता परोसा जा रहा है। वोटर बढे चाव से प्रत्याशियों के यहां पहुंच कर भोज का आंनद लेते दिखाई दे रहे हैं।
लेकिन सरकार द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन नहीं करने पर शासन कार्यवाही कर रहा है। महावन तहसील की ग्राम पंचायत पचावर में सोमवार को गांव नगला लोका के समीप फतेह सिंह इंटर कालेज में हजारों की संख्या में लोग भोज का आंनद ले रहे थे। तभी महावन पुलिस को जानकारी मिली तो महावन क्षेत्राधिकारी महावन के निर्देशन मे थाना प्रभारी सुनील कुमार जोशी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
वहां सैकड़ों की संख्या में लोग भोजन कर रहे थे। पुलिस की टीम को देखते ही लोगों में अफरातफरी मच गई। अधिकतर लोग बिना भोजन किए भाग खड़े हुए। पुलिस ने कार्यक्रम में मौजूद पचावर ग्राम पंचायत के प्रधान मोहन सिंह के बेटे गजेन्द्र सिंह को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। साथ ही तारा,फोरन सिंह को गिरफ्तार कर लिया। प्रधान मोहन सिंह भोज से फरार हो गया। जिसके खिलाफ मुकदमा कराया गया है। वहीं भगवान सिंह इंटर कालेज में दूसरे प्रत्याशी ममता चौधरी पत्नी पुष्पेन्द्र चौधरी निवासी नगला लोका का भी चुनावी भोज चल रहा था। पुलिस जैसे ही स्कूल प्रांगण में पहुंची। ग्रामीण चुनावी भोज को छोड़कर भाग निकले। थाना प्रभारी सुनील कुमार जोशी ने बताया कि दोनों प्रत्याशियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।