लखनऊ। माल एवेन्यू स्थित नबी रज़ा शाह (दादा मिया) मजार पर दिवाली की चमक देखने को मिली। पूरे देश मे दीवाली का पर्व पूरे हर्ष और सौहार्द के साथ मनाया गया वही दरगाह परिसर भी दीये की रौशनी से रौशन रहा।
दरगाह शरीफ पर हाजिरी लगाने वालो ने बताया कि हर साल दिवाली मे दरगाह शरीफ पर दीये रोशन किए जाते हैं, इस खुशी के मौके को जश्न ए चरागां के रूप में मनाया जाता है। मुस्लिमों से ज्यादा हिंदू भाई-बहन दरगाह शरीफ पर आकर चिराग रोशन करते हैं। मुस्लिम भाई-बहन इस खुशी में शामिल होकर उन्हें दिवाली की मुबारकबाद देते हैं। यहां के पदाधिकारियों के मुताबिक, यह आयोजन दरगाह की ओर से नहीं होता। हिंदू-मुस्लिम साथ आकर यहां दीये जलाते हैं और स्थानीय लोग इनकी मदद करते हैं। दरगाह शरीफ पर शाम को दुआ ए रोशनी का आयोजन होता है। मजार पर हिंदू-मुस्लिम ने मिलकर चिराग रोशन किए। दरगाह पर दीये जलाए गए और रोशनी के बीच दुआएं मांगी गईं। रंग बिरंगी लड़ियों से मजार को सजाया गया। शाम को दुआ ए चरागां की रस्म हुई। सूफी कव्वालियां हो रहीं हैं। दरगाह के चारों ओर रंग बिरंगे दीये यहां की रौनक में चार चांद लगा रहे हैं।