नई दिल्ली/ उमाशंकर। ट्विटर ने भारत में अपने एमडी मनीष माहेश्वरी को अमेरिका बुला लिया है। मनीष माहेश्वरी अब सैन फ्रांसिस्को में रेवेन्यू स्ट्रेटजी एंड ऑपरेशंस के सीनियर डायरेक्टर के तौर पर काम करेंगे। भारत में ट्विटर ने फिलहाल किसी को भी माहेश्वरी की जगह नियुक्त नहीं किया है। ट्विटर की ओर से ये फैसला ऐसा समय लिया गया है, जब ये प्लेटफॉर्म भारत में लगातार विवादों में हैं। पहले ट्विटर और भारत सरकार के बीच टकराव रहा।
वहीं अब ट्विटर पर विपक्ष के राजनीतिक दलों (खासतौर से कांग्रेस) के नेताओं के अकाउंट सरकार के इशारे पर बंद करने के आरोप लग रहे हैं।ट्विटर के जापान और एशिया के वाइस प्रेसीडेंट यू ससामोतो ने ट्वीट कर मनीष माहेश्वरी को नई जिम्मेदारी सौंपे जाने की जानकारी दी है। उन्होंने अपने बयान में कहा, दो साल से ज्यादा वक्त से भारत में जिस तरह से मनीष ने काम किया, उसके लिए मनीष माहेश्वरी को धन्यवाद करता हूं। साथ ही अमेरिका में वर्ल्डवाइड न्यू मार्केट के लिए रेवेन्यू स्ट्रेटजी एंड ऑपरेशंस डायरेक्टर की नई भूमिका के लिए उनको बधाई देता हूं। आपको ट्विटर के लिए इस अहम पद का नेतृत्व करते हुए देखकर उत्साहित हूं।





