मैनपुरी। किशनी थाना क्षेत्र में बालिका के साथ तमंचे के बल पर दुष्कर्म करने के आरोपी भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) नेता को पुलिस ने सोमवार को जेल भेज दिया। वांछित रविवार को जहर खाने के बाद तबियत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिला अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। थाना क्षेत्र में विगत 27 जुलाई को गोविंद चौहान ने अपने घर पर टीवी देखने आई 11 वर्षीय बालिका के साथ तमंचे के बल पर दुष्कर्म किया था। वर्तमान में बालिका का उपचार मेडिकल कॉलेज सैफई में चल रहा है।
मामले में पीड़ित परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। हालांकि घटना के बाद से ही आरोपी फरार था। इस बीच रविवार को नाटकीय ढंग से वह जिला अस्पताल में भर्ती हुआ। बताया गया कि उसने जहर खाकर जान देने की कोशिश की थी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद किशनी पुलिस को सूचना दी गई। एसपी अशोक कुमार राय ने भी अस्पताल पहुंचकर आरोपी से पूछताछ की। सोमवार को आरोपी के डिस्चार्ज होते ही पुलिस उसे किशनी थाने ले आई। प्रभारी निरीक्षक बेगराम कश्यप ने मेडिकल कराने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
नाटकीय ढंग से बाद में दोबारा खुद पहुंचा जिला अस्पताल
किशनी में 11 साल की बालिका से दुष्कर्म करने का आरोपी रविवार को नाटकीय ढंग से जहर खाकर जिला अस्पताल पहुंचा था। एक बार पुलिस को देखकर वह अस्पताल से भाग गया। इसके बाद नाटकीय ढंग से दोबारा खुद ही अस्पताल पहुंचा, जहां उसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। बताया गया है कि किशनी में बालिका से दुष्कर्म का आरोपी गोविंद चौहान रविवार की सुबह 10:50 बजे जहर खाकर साथियों के साथ जिला अस्पताल पहुंचा था। यहां उसे भर्ती कर डॉक्टरों ने उपचार शुरू कर दिया। अस्पताल में पुलिस देखकर वह साथियों के साथ वहां से भाग गया। अस्पताल प्रशासन ने जहर खाकर आए युवक के भाग जाने की सूचना कोतवाली पुलिस को भेजी। करीब एक घंटे बाद 11:50 बजे गोविंद चौहान फिर से अस्पताल पहुंचा। ईएमओ डॉ.पीके दुबे ने उसे दोबारा भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। इसी बीच यहां पहुंची कोतवाली पुलिस ने उसे हिरासत में लिया तब अस्पताल प्रशासन को पता चला कि युवक दुष्कर्म का आरोपी है।
गाड़ी में कौन थे
जिला अस्पताल पहुंचे आरोपी के साथ दो गाड़ियां चल रहीं थीं, जिनमें कुछ भगवाधारी लोग मौजूद थे। जैसे ही एसपी जिला अस्पताल पहुंचे गाड़ियां और उनमें बैठे लोग गायब हो गए।





