- भाग्योदय फाउंडेशन का संजीवनी वृक्षारोपण अभियान
लखनऊ। लखनऊ छावनी क्षेत्र में स्थित सेना भर्ती मुख्यालय परिसर में हरिशंकरी पौधों का रोपण आज पूर्वाह्नकाल किया गया। सेना भर्ती बोर्ड के प्रमुख मेजर जनरल नरपत सिंह राजपुरोहित, उत्तर प्रदेश शासन में वन एवं पर्यावरण विभाग के विशेष सचिव डॉ. ब्रह्मदेव राम तिवारी, ब्रिगेडियर राहुल भटनागर एवं भाग्योदय प्रमुख राम महेश मिश्र द्वारा तीन स्थानों पर हरिशंकरी का रोपण किया गया। ज्ञातव्य है कि हरिशंकरी सर्वाधिक आक्सीजन प्रदाता तीन पौधों का विशेष युग्म है जिसमें पीपल, बरगद और पाकड़ के पौधे शामिल हैं। वनस्पति जगत में इन्हें ब्रह्मा, विष्णु और महेश का सम्मान एवं स्थान प्राप्त है।
भाग्योदय फाउंडेशन और भारतीय कृषक दल के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश के विभिन्न अंचलों में चलाए जा रहे *संजीवनी वृक्षारोपण अभियान* के तहत आयोजित आज के कार्यक्रम में शामिल राज्य के विशेष वन सचिव डॉक्टर ब्रह्मदेव राम तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ एवं वन मंत्री श्री दारा सिंह चौहान द्वारा इन दिनों हरिशंकरी के रोपण पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए वृहद हरिशंकरी वृक्षारोपण को रामबाण की संज्ञा दी। विशेष सचिव ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता संरक्षण की दृष्टि से पीपल, वट एवं पाकड़ को सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। हरिशंकरी का रोपण हर दृष्टि से महत्वपूर्ण और पुण्य दायक है। उन्होंने सभी सार्वजनिक स्थानों, विशेष रूप से प्रदेश के सभी धर्मस्थलों और विश्राम स्थलों पर हरिशंकरी का रोपण करने का आह्वान किया।
उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के लिए लखनऊ छावनी में सेवारत सेना भर्ती मुख्यालय के मुखिया मे.जनरल नरपत सिंह राजपुरोहित ने भाग्योदय फाउंडेशन एवं उत्तर प्रदेश सरकार के संजीवनी वृक्षारोपण अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस अभियान को देशव्यापी स्तर पर गति दी जानी चाहिए। भारतीय सेना के तीनों अंगों द्वारा सैन्य क्षेत्रों में हरियाली व पर्यावरण संरक्षण पर दिए जाने वाले विशेष ध्यान की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आज रोपे गए हरिशंकरी पौधों को पूरा संरक्षण प्रदान किया जाएगा और उनकी उचित देखभाल व सेवा की जाएगी। उन्होंने उ.प्र.सरकार के उपस्थित अधिकारियों तथा समाजसेवियों को सैन्य भर्ती प्रक्रिया की भी जानकारी दी।
आज के वृक्षारोपण कार्यक्रम में पाली-राजस्थान से आये वयोवृद्ध समाजसेवी श्री जगन्नाथ सिंह राजपुरोहित, वरिष्ठ अध्यात्मपुरुष एवं भाग्योदय फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं संस्थापक राम महेश मिश्र, लखनऊ सैन्य भर्ती निदेशक कर्नल मयंक खरे, कर्नल संजय पांडेय, वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ.जयप्पा एन.एस., कर्नल अजीत कुमार, क्षेत्रीय वन अधिकारी कफीलुर्रहमान, कैंट वन दारोगा ए.के.सिंह चौहान, वरिष्ठ समाजसेवी प्रमिल द्विवेदी, संजीव श्रीवास्तव, हास्ययोगी शिवाराम मिश्र, प्रणव द्विवेदी ने आदि ने भागीदारी की।





