नई दिल्ली। नाग पंचमी के दिन नाग देवता के लिए व्रत रखने की मान्यता है, उनकी पूजा की जाती है। आज के दिन काल सर्प दोष और राहु-केतु संबंधी दोषों का निवारण करना भी बहुत शुभ होता है। हालांकि इन चीजों को लेकर लोगों में कुछ भ्रम हैं, जिसके कारण पूजा में गलती करने से या इस दिन जीवित नाग की पूजा करने से, उसे कष्ट देने से बहुत पाप लगता है। ऐसा करना जिंदगी में संकटों को बुलावा देना है।
ज्योतिषविद कृष्णा शर्मा ने बताया कि नाग पंचमी पर कभी भी जीवित सांप की पूजा न करें, बल्कि इस दिन नाग देवता की मूर्ति या फोटो की पूजा करें। मंदिर में जाकर भी पूजन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि जीवित सांप को कभी भी दूध न पिलाएं, उनके लिए दूध जहर के समान हो सकता है। लिहाजा उनकी प्रतिमा का ही दूध से अभिषेक करें।

इसके अलावा उन्होंने ये भी बताया कि ज्योतिष में इस बात का साफ तौर पर उल्लेख मिलता है कि नाग पंचमी के दिन काल सर्प दोष और राहु-केतु दोष का निवारण करने के लिए पूजा-पाठ करना, नाग की प्रतिमा का अभिषेक करना अच्छा होता है, लेकिन इसका संबंध जीवित सांप से बिल्कुल भी नहीं है। इसलिए इन दोषों के निवारण के लिए जीवित सांप की पूजा न करें और ना ही सांप को कोई कष्ट पहुंचाएं, वरना जिंदगी में भारी संकट का सामना करना पड़ सकता है।





