गोवर्धन/ मदन सारस्वत। बरसाना मार्ग स्थित गांव भगोसा के समीप अज्ञात कारणों से गेंहू की खड़ी फसल में आग लग गई। भगोसा, पलसों, नीमगांव के लोग घटना स्थल की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर से जुताई कर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन आग इतनी भीषण थी कि तब तक आग की लपटों में जलकर एक अर्टिका कार, दो बुर्जी भूषा व करीब पचास बीघा गेंहू की फसल आग में जलकर राख हो गई। पुलिस व फायर बिग्रेड मौके पर नहीं पहुंची तो आक्रोशित ग्रामीणों ने गोवर्धन बरसाना मार्ग पर जाम लगा दिया।
शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे गोवर्धन-बरसाना मार्ग पर भगोसा के समीप गेंहू के खेत में जामुन के पेड़ के नीचे अर्टिका कार सवार कुछ अज्ञात लोगों ने बीयर, सिगरेट पी। अंदेशा है कि उन्होंने जलती हुई सिगरेट पीकर वहां डाल दी। जिससे गेंहू के खेतों में भीषण आग लग गई। खेतों से उठे धुंआ के गुवारों को देख भगोसा, नीमगांव, पलसों के ग्रामीण घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने ट्रेक्टर से खेत जोतकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन तब तक करीब पचास बीघा खेत मे खड़ी गेंहू की फसल आग में जलकर राख हो गई। वहीं एक अर्टिका कार भी आग से जल कर राख हो गई।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने गोवर्धन बरसाना मार्ग पर कांटेदार झाड़ी डालकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर सीओ गोवर्धन रविकांत पाराशर, तहसीलदार पवन प्रकाश पाठक सर्किल थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। यह शिलशिला करीब दो घन्टे तक चला। ग्रामीणों ने पुलिस व प्रशासन का घेराव करते हुए आक्रोश जताया। इस बीच राजनैतिक दलों के नेता वहां पहुंच गए। सत्तादल के विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई।
नितिन फौजदार ने बताया कि अर्टिका कार सवार कुछ लोगों ने जामुन के पेड़ के नीचे बीयर, सिगरेट पीकर जलती हुई सिगरेट गेंहू के खेत मे डाल दी। जिससे गंगाश्याम, भूदेव, हरी, तुलाराम, परशुराम, सोहन लाल बघेल, राधा चरण बघेल, दशरथ, चरन सिंह, नत्थो बघेल, गोकल आदि किसानों की करीब पचास बीघा गेंहू की फसल व एक अर्टिका कार आग में जलकर राख हो गई। तहसीलदार पवन प्रकाश पाठक ने ग्रामीणों को उचित मुआबजा दिलाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। सपा नेता प्रदीप चौधरी ने पीड़ित किसानों को पांच पांच हजार रुपये राहत राशि देने का एलान किया। पवन प्रकाश पाठक ने बताया कि राजस्व टीम से सर्वे कराकर किसानों को ज्यादा से ज्यादा मुआबजा दिलाया जाएगा।