- सभी 82 वैक्सीनेशन केन्द्रों में शत प्रतिशत वैक्सीनेशन की मॉनिटरिंग करें डीएम
- शहर में कोरोना से निपटने पर्याप्त बेड व वेंटिलेटर्स की व्यवस्था, 300 अतिरिक्त बेड का भी प्रावधान रखे प्रशासन
- टीम मथुरा एकजुट होकर जनसहयोग से कोरोना को फिर से परास्त करे
- पुलिस पहले जागरूकता अभियान का हिस्सा बने, जरूरत पड़ने पर ही करे कड़ाई
- ऊर्जा मंत्री ने जिला अस्पताल व पुलिस लाइन के वैक्सीनेशन सेंटर्स का किया निरीक्षण
- वैक्सीनेशन के लिए आने वाले लोगों और स्वास्थ्य कर्मियों को मिले पूरी सुविधा व सुरक्षा, सुनिश्चित करें स्वास्थ्य अधिकार
- ऊर्जामंत्री ने अस्पताल में पीकर जांची आरओ वाटर की गुणवत्ता, स्वास्थ्य अधिकारियों को भी नियमित परखने के दिये निर्देश
मथुरा/ मदन सारस्वत। ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री पं. श्रीकान्त शर्मा ने सोमवार को मथुरा के कलेक्ट्रेट सभागार में कोरोना से सुरक्षा की तैयारियों और वैक्सीनेशन की प्रगति की समीक्षा की। इसके बाद ऊर्जा मंत्री ने जिला अस्पताल और पुलिस लाइन स्वास्थ्य केंद्र के वैक्सीनेशन सेंटर्स का निरीक्षण किया।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया का सबसे बड़ा व सबसे तेज वैक्सीनेशन कार्यक्रम देश में चल रहा है। अब तक 10.5 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लग चुकी है। उन्होंने डीएम को निर्देश दिए की बाबा साहेब भीमराव आम्बेडकर जी की जयंती तक चलने वाले टीका उत्सव में प्रतिदिन के तय लक्ष्य से अधिक टीकाकरण हो। डीएम इसकी नियमित समीक्षा करें। सभी 82 टीकाकरण केंद्रों में 45 वर्ष से अधिक का एक भी व्यक्ति टीकाकरण से वंचित न रहे यह सुनिश्चित किया जाये। इसके लिए युवाओं का पूरा सहयोग लें।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में कटाई कर लौट रहे किसानों के लिए देर शाम तक टीकाकरण के प्रबंध करें।
ऊर्जा मंत्री ने कोरोना संक्रमण को लेकर डीएम को निर्देश दिए कि मथुरा-वृंदावन के अस्पतालों में बेड की संख्या पर्याप्त हो, 50% एम्बुलेंस रिजर्व हों, रैपिड रेस्पॉन्स टीम मुस्तैदी बढ़ाएं, टेस्टिंग और वैक्सीनेशन में लोगों को कोई असुविधा न हो, यह सुनिश्चित करें। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अभी शहर के अस्पतालों में कोरोना के इलाज के लिए पर्याप्त बेड, ऑक्सिजन बेड व वेंटिलेटर हैं, लेकिन प्रशासन हर स्थिति से निपटने के लिए 300 अतिरिक्त बेड का प्रावधान भी करे।
ऊर्जा मंत्री ने प्रधानमंत्री जी के ‘दवाई के साथ कड़ाई भी’ के संदेश को ऑडियो-विज़ुअल माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। कहा कि सरकारी वाहनों का लगातार जागरूकता बढ़ाने के लिए इस्तेमाल हो।
ऊर्जा मंत्री ने एसएसपी को नाइट कर्फ्यू और दिन में बाजारों में भीड़ नियंत्रण का कड़ाई से पालन करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहले लोगों को जागरूक करें, आवश्यकता पड़ने पर ही कड़ाई का प्रयोग करें।
नगर निगम और प्रशासन को आवश्यकता अनुसार माइक्रो कन्टेनमेंट जोन तैयार करने के निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि कोविड 19 की पहली लहर को पीएम श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में कोरोना वारियर्स के समर्पण और जनसहयोग से परास्त किया गया। इस बार भी टीम मथुरा में पुलिस-प्रशासन, नगर निगम, हेल्थ वर्कर, स्वच्छता कर्मी बिजली विभाग और पत्रकार साथ मिलकर इसे परास्त करने के लिए एक साथ काम करें। लोगों को समझाएं की बेवजह घर से न निकलें। उन्हें समझाएं की स्वयं की रक्षा के साथ ही दूसरों को मास्क, दो गज की दूरी और वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करें। पर्सनल हाइजीन के साथ सोशल हाइजीन को बढ़ावा देने के लिए भी लोगों को शिक्षित करें।
इसके बाद ऊर्जा मंत्री ने जिला अस्पताल और पुलिस लाइन स्वास्थ्य केंद्र के वैक्सीनेशन सेंटर्स का निरीक्षण कर कोरोना योद्धाओं का उत्साह बढ़ाया। कहा कि टीका उत्सव का शत प्रतिशत लक्ष्य पूरा करें। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि रजिस्ट्रेशन, वेटिंग रूम, वैक्सीनेशन रूम, ऑब्जरवेशन एरिया के तय प्रोटोकॉल का पूरा पालन सुनिश्चित करें। मेडिकल स्टाफ की सुविधा व सुरक्षा में भी कोई लापरवाही न हो, स्वास्थ्य अधिकारी यह सुनिश्चित करें।





