गाजीपुर। दिलदारनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रकसहां गांव में एक मजार पर उर्स के दौरान दबंगों ने मारपीट की। इस दौरान कई लोगो को बुरी तरह से चोट आई है। घायल हुए लोगों का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक तहसील क्षेत्र के रकसहा गाव में सोमवार की रात उर्स का आयोजन किया जा रहा था। जिसमे गांव के ही कुछ मनबढ़ किस्म के युवक नशा की हालत में थे। वहां मौजूद महिलाओं के साथ छेड़खानी करने लगे। जैसे ही प्रबंधन से जुड़े एक व्यक्ति ने देखा और उनको मना किया तो वे प्रबंधन से जुड़े व्यक्ति को मारने पीटने लगे। आरोप है कि उपद्रवियों ने मजार को चारों तरफ से घेरकर जमकर पत्थरबाजी की। पथराव के दौरान मजार परिसर में लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगें। इस घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और कुल आठ से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। रकसहां गाव के प्रधान प्रतिनिधि शकील खान ने बताया की पिछले 45 साल से यहां क्यामू सूफी दादा का उर्स का आयोजन होता है। 45 सालों में ऐसी घटना कभी नहीं घटी। जो लोग भी इस घटना के लिए जिम्मेदार हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस प्रशासन की मदद से उन्हें सजा दिलवाई जाएगी। जिसने भी घटना को अंजाम दिया है उसे हम माफ नहीं करेगे। मारपीट के अलावा उर्स में आई करीब 12 से14 गाड़ियों को उपद्रवियों ने तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया है। इस संबंध में कोतवाल कमलेश पाल ने बताया कि उर्स के दौरान दो पक्षो में मारपीट की घटना हुई है। जिसमे एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की जा रही है। शांति व्यवस्था बनाये रखने हेतु दोनों पक्षो से कुल 8 लोगो को धारा 151 के तहत जेल भेज दिया गया है।