लखनऊ/ अभिषेक सिंह। दुनिया के प्रदूषित शहरों की लिस्ट में उत्तर प्रदेश के 10 शहरों के नाम हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दावों पर तंज कसते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहाकि, अगर सपा सरकार के पर्यावरणीय काम न रोके होते तो आज की भाजपा सरकार को ये दिन नहीं देखना पड़ता।
समाजवादी पार्टी सुप्रीमो अखिलेश यादव ने गुरुवार को ट्विट के जरिए भाजपा सरकार को आइना दिखाते हुए कहाकि, दुनिया के 30 सबसे प्रदूषित शहरों में 10 शहर उप्र के आएं हैं व राजधानी लखनऊ दुनिया में 9वें नंबर पर। अगर सपा सरकार के पब्लिक ट्रांसपोर्ट मेट्रो, साइकिल ट्रैक, गोमती रिवर फ़्रंट, पार्क व सफ़ारी जैसे पर्यावरणीय काम न रोके होते तो आज की भाजपा सरकार को ये दिन नहीं देखना पड़ता।
स्विस संगठन आईक्यूएयर ने एक रिपोर्ट जारी की, जिसमें विश्व के 30 सबसे प्रदूषित शहरों नाम बताए गए हैं। ताज्जुब है कि इस सूची में 22 शहर केवल भारत के हैं। इनमें गाजियाबाद विश्व का दूसरा सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर है। रिपोर्ट में सबसे ज्यादा उत्तर प्रदेश के दस शहरों के नाम हैं। गाजियाबाद दूसरा, बुलंदशहर तीसरा, बिसरख जलालपुर चौथा, नोएडा पांचवां, ग्रेटर नोएडा छठा, कानपुर सातवां, लखनऊ आठवां, मेरठ, आगरा और मुजफ्फरनगर।