शैक्षिक महासंघ प्रदेश कार्यसमिति के चुनाव जनवरी के अन्तिम सप्ताह में।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश के प्रदेश संगठन मंत्री श्रीमान् महेन्द्र कुमार ने महासंघ की प्रदेश कार्यसमिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ0 देवी सिंह नरवार से उनके आवास पर पहुँचकर शिष्टाचार मुलाकात की। मुलाकात के दौरान संगठनात्मक विभिन्न मुद्दों तथा शैक्षिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रदेश संगठन मंत्री श्री महेन्द्र कुमार ने डॉ0 नरवार को बताया कि जनवरी के अन्तिम सप्ताह में प्रदेश कार्यसमिति का चुनाव कराया जायेगा। प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री के साथ-2 अन्य पदाधिकारियों के नामों पर गोपनीय वार्ता हुई। प्रदेश कार्यसमिति के चुनाव के उपरान्त फरवरी में 75 जनपदों की जिला कार्यकारिणी के चुनाव कराया जाना भी प्रस्तावित है। इसके लिए प्रदेश के पदाधिकारियों को जनपद व मण्डल का प्रभारी बनाया जायेगा। जिन की देख-रेख में जनपदों के चुनाव कराये जायेंगे।
ज्ञात हो वर्ष 2026 में आगरा शिक्षक खण्ड के विधान परिषद् सदस्य (एम0एल0सी0) के चुनाव होंने है। इसके बारे में भी चर्चा हुई और योग्य एवं कर्मठ प्रत्याशी की तलाश जारी है। महासंघ के स्थायी कार्यक्रम कर्तव्य बोध के कार्यक्रम प्रदेश के सभी जनपदों में आयोजित किये जाये। इस विषय पर भी चर्चा हुई।
प्रदेश संगठन मंत्री ने डॉ0 नरवार को बताया कि 16 दिसम्बर को प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ से उनकी मुलाकात हो चुकी है। अब प्रदेश कार्यसमिति के नव निर्वाचित पदाधिकारियों को फरवरी माह में मुख्यमंत्री से भेंट का कार्यक्रम तय किया जा रहा है। प्रदेश के वरिष्ठ उपाध्यक्ष डॉ0 नरवार ने संगठन मंत्री को बताया कि उ0प्र0 शिक्षा सेवा आयोग में हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य और शिक्षकों की भर्ती के लिए अधिकतम आयु सीमा 40 वर्ष निर्धारित की गयी है। यह व्यवस्था से अनेक योग्य अध्यापकों को प्रधानाचार्य के पद पर नियुक्ति से रोका जा रहा है। इससे शिक्षकों में भारी रोष है। इस व्यवस्था को इण्टरमीडिएट एजूकेशन एक्ट 1921 के प्रावधानों के अनुसार संशोधित करने के लिए मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित करने पर सहमति बनी है। आगरा में माध्यमिक शिक्षा परिषद् के क्षेत्रीय कार्यालय की स्थापना के बारे में भी चर्चा हुई। इस विषय को मा0 मुख्यमंत्री उ0प्र0 के समक्ष रखे जाने तथा आगरा में यू0पी0 बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय को स्थापित कराने पर भी जोर दिया जायेगा। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीमान् महेन्द्र कुमार जी का पटका पहनाकर तथा बैज लगाकर स्वागत किया गया।