नेता जी सुभाष चंद बोस की जन्म जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई
चौमुहाँ। बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक विद्यालय औधूता ब्लॉक चौमुहाँ के प्रांगण में नेता जी सुभाष चंद बोस की जन्म जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाध्यापक व भारत स्काउट और गाइड के जिला संगठन कमिश्नर व लीडर ट्रेनर स्काउट अशोक कुमार सोलंकी ने नेताजी सुभाष चंद बोस के चित्रपट पर दीप प्रज्वलित व पुष्प अर्पित कर किया। तत्पश्चात विद्यालय के समस्त स्टाफ व बच्चों ने नेताजी को श्रध्दा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर लीडर ट्रेनर स्काउट अशोक कुमार सोलंकी ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन के दिनों में जिनकी पुकार पर हजारों महिलाओं ने अपने कीमती गहने अर्पित कर दिये, जिनके एक आह्वान पर हजारों युवक व युवतियां आजाद हिंद फौज में भर्ती हो गए। आज उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि देने का पर्व है।आज सम्पूर्ण देश में सुभाष चंद बोस की जयंती हर्ष और उल्लास के साथ मनाई जा रही है। हमें जीवन में समाजसेवा व देशहित में कुछ ऐसे नेक कार्य अवश्य करने चाहिए, जिसमें हमारे न रहने के बाबजूद भी लोग हमें याद करें। शिक्षक देवेन्द्र सिंह बघेल ने कहा कि देश को आजाद कराने में नेताजी सुभाष चंद बोस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इनका जन्म उड़ीसा राज्य की राजधानी कटक के एक मध्यम वर्गीय परिवार में 23 जनवरी 1897 को हुआ था। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गए। इस अवसर पर मुकेश कुमार, रामकृष्ण, डोरीलाल अग्रवाल, आशाराम, सोनाली, तुलसी, पूनम, रितेश, दीक्षा, राजा, अमन, आकाश, ऋषि कुमार, निशान्त, प्राची, तन्नू सिसोदिया, लव, हिमांशु आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन देवेन्द्र सिंह बघेल ने किया।