नोशनल वेतनवृद्धि प्रकरण-21 अप्रैल से क्रमिक धरने का
निर्णय।
शिक्षा अधिकारियों के मनमानी रवैये से पेंशनर्स में भारी रोष।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं संघर्ष समिति के अध्यक्ष डॉ0 देवी सिंह नरवार ने पेंशनर्स की बैठक में यह बताया कि उप शिक्षा निदेशक आगरा श्री मनोज कुमार गिरि नेशनल वेतनवृद्धि का लाभ 30 जून को सेवानिवृत्त सभी प्रधानाचार्याें एवं अध्यापकों को नहीं देने की बात कह रहे हैं और वे इस सम्बन्ध में जारी शासनादेशों की मनमाने ढंग से व्याख्या कर रहे हैं कि 30 जून की जन्म तिथि वाले ही पेंशनर्स को नोशनल वेतनवृद्धि का लाभ देय है। इतना सुनते ही पेंशनर्स भड़क उठे। आक्रोश और रोष में सभी पेंशनर्स ने कहा कि वे शिक्षाधिकारियों की मनमानी व स्वेच्छाचारिता को नहीं चलने देंगे।
उल्लेखनीय है कि आज दिनांक 25 मार्च को नागरी प्रचारिणी सभा, आगरा पर आयोजित पेंशनर्स की बैठक में सभी पेंशनर्स ने एक स्वर से कहा कि शासनादेशों में उल्लिखित प्रावधानों के अनुसार उन सभी पेंशनर्स को जो 01 जनवरी 2006 से 01 जनवरी 2016 के मध्य 30 जून को सेवानिवृत्त हुए हैं, उन सभी को एक नोशनल वेतनवृद्धि का लाभ दिला कर ही दम लेंगे, चाहे उसके लिए कितनी भी बड़ी से बड़ी कुर्वानी क्यों न देनी पड़े। अधिकारियों की मनमानी से पेंशनर्स के हितों पर आंच नहीं आने दी जायेगी।
बैठक में भावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। संघर्ष समिति के संयोजक डॉ0 कुंजिल सिंह चाहर ने 20 अप्रैल तक नोशनल वेतनवृद्धि का लाभ सभी पेंशनरों को नहीं दिया गया तो 21 अप्रैल से उप शिक्षा निदेशक आगरा के कार्यालय के समक्ष सांकेकित क्रमिक धरना आयोजित किये जाने का प्रस्ताव रखा। विचारोपरान्त बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 21 अप्रैल से उप शिक्षा निदेशक, आगरा के कार्यालय के समक्ष सांकेतिक क्रमिक धरना चलाया जायेगा और यह धरना निर्णायक होगा। हर स्थिति में शासनादेशों का पालन कराया जायेगा और 30 जून को सेवा निवृत्त सभी पेंशनर्स को उनका हक दिलाया जायेगा।
धरना-कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जनपद के सभी पेंशनर्स से सम्पर्क के लिए एक समिति का भी गठन किया गया। बैठक में संघर्ष समिति के अध्यक्ष डॉ0 देवी सिंह नरवार, संयोजक डॉ0 कुंजिल सिंह चाहर, शैक्षिक महासंघ के जिलाध्यक्ष डॉ0 योगेन्द्र सिंह, कोऑडिनेटर श्री के0पी0 सिंह, मनोज कुमार, किशन लाल गुप्ता, काशीराम चाहर, नरोत्तम सिंह चाहर, महेश चन्द शर्मा, निरंजन प्रसाद शर्मा, जालिम सिंह, ओमप्रकाश जैन, रनवीर सिंह कंसाना, अर्जुन सिंह चाहर, रामेश्वर दयाल शर्मा आदि ने विचार व्यक्त किये। बैठक की अध्यक्षता डॉ0 कुंजिल सिंह चाहर ने की। संचालन जिलाध्यक्ष डॉ0 योगेन्द्र सिंह ने कि!
रिपोर्टर –गोविन्द शर्मा





